गाडरवारा में मोबाइल लूट करने वाले 3 शातिर लुटेरे गिरफ्तार, 48 घंटे में पुलिस की बड़ी सफलता
गाडरवारा में मोबाइल लूट करने वाले 3 शातिर लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में, 48 घंटे में वारदात का खुलासा, 3 मोबाइल और 2 बाइक बरामद।

गाडरवारा | 20 जनवरी 2026
गाडरवारा में मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर लुटेरों को गाडरवारा पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।
तीन अलग-अलग स्थानों पर हुई थीं लूट की घटनाएं
पुलिस के अनुसार,
- 09 जनवरी 2026 को एक युवती जमाड़ा रोड स्थित कोचिंग से पैदल अपने घर विजय कॉलोनी जा रही थी। इसी दौरान उत्सव भवन के सामने दो अज्ञात बाइक सवार युवती के हाथ से मोबाइल छीनकर सरकारी अस्पताल की ओर फरार हो गए।
- 17 जनवरी 2026 की शाम करीब 5 बजे जमाड़ा बायपास पर पैदल जा रहे सतेन्द्र द्विवेदी से एक बाइक सवार ने मोबाइल लूट लिया और चीचली रोड की ओर भाग गया।
- उसी दिन रात करीब 10:30 बजे पतलोन रोड पर पैदल घर लौट रहे जगदीश गोलंदाज के हाथ से तीन बाइक सवारों ने मोबाइल लूट लिया और इमलिया की ओर फरार हो गए।
इन तीनों मामलों में गाडरवारा थाना पुलिस द्वारा लूट का अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गाडरवारा एल.एस. डागुर के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
मुखबिर तंत्र और तकनीकी साधनों की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- हेमराज उर्फ छोटू कीर (23 वर्ष) – निवासी कुड़ारी, थाना डोंगरगांव
- आशीष कीर (22 वर्ष) – निवासी कुड़ारी, थाना डोंगरगांव
- दीपक कीर (19 वर्ष) – निवासी कुड़ारी, थाना डोंगरगांव
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और गिरोह बनाकर मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
जप्त सामग्री
- लूटे गए 03 मोबाइल फोन
- घटना में प्रयुक्त 01 बिना नंबर प्लेट पल्सर बाइक
- 01 बिना नंबर प्लेट सीटी-100 मोटरसाइकिल
कुल जप्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गाडरवारा निरीक्षक विक्रम रजक, उप निरीक्षक अर्जुन सिंह बघेल, अंकित रावत, अनिल भगत सहित प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







