29वीं माही पंचकोशी पदयात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया धर्म लाभ
भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम

झाबुआ | जनता एक्सप्रेस लाइव — रमेश कुमार सोलंकी
पेटलावद/झकनावद।
आस्था, श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत 29वीं माही पंचकोशी पदयात्रा का विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। यह पदयात्रा हातोद मिंडा गांव से प्रारंभ होकर सरदारपुर माही तट पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पमालाओं से यात्रियों का अभिनंदन किया।
इसके पश्चात पदयात्रा नरसिंह देवला होते हुए श्रृगैश्वर महादेव धाम पहुंची, जहां यात्रियों ने विश्राम किया। अल सुबह पंचकोशी यात्रियों ने माही नदी के दर्शन किए और भक्ति भाव के साथ यात्रा को आगे बढ़ाया।

झकनावद में हुआ आत्मीय स्वागत
जैसे ही पंचकोशी पदयात्रा झकनावद नगर पहुंची, बस स्टैंड स्थित चौधरी कॉम्प्लेक्स पर ब्रह्मलीन महंत काशी गिरी जी महाराज गुरु भक्त मंडल द्वारा यात्रियों का चाय पिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान पूरे वातावरण में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
अगला पड़ाव लाबरिया गौशाला, फिर होगा समापन
स्वागत के बाद पदयात्रा का अगला पड़ाव लाबरिया गौशाला रहा, जहां यात्रियों ने विश्राम किया। इसके पश्चात पंचकोशी यात्रा पुनः हातोद मिंडा पहुंचेगी, जहां इस पावन यात्रा का विधिवत समापन किया जाएगा।

हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता
उल्लेखनीय है कि माही पंचकोशी पदयात्रा में हर वर्ष हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस वर्ष भी लगभग 7 से 8 हजार पंचकोशी यात्री
धार, धरमपुरी, धामनोद, राजगढ़, भानगढ़, रिंगनोद, सरदारपुर, लाबरिया, राजोद सहित अनेक छोटे-छोटे गांवों से भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ शामिल हुए और धर्म लाभ अर्जित किया।
यह पदयात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा को भी मजबूती प्रदान करती है।







