नरसिंहपुर में 152 किलो गांजा जब्त, अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क ध्वस्त, 50 लाख का मशरूका बरामद
‘OPERATION EAGLE CLAW’ के तहत कोतवाली पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 50 लाख का मशरूका बरामद

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका/नरसिंहपुर। अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान OPERATION EAGLE CLAW के तहत नरसिंहपुर पुलिस ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। नरसिंहपुर थाना कोतवाली पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर घेराबंदी कर 152 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर नेटवर्क को बड़ा झटका दिया गया है।
मुखबिर सूचना पर बनी रणनीति
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन के माध्यम से भारी मात्रा में गांजा छत्तीसगढ़ से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी नरसिंहपुर मनोज गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
एनएच-44 पर घेराबंदी, पिकअप से 152 किलो गांजा बरामद
पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कपूरी तिराहे के आगे नाकेबंदी की। तेज गति से आ रहे संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक CG 06 M 0931 को घेरकर रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में रखे खाली कैरेटों के बीच बोरियों में छिपाकर रखा गया 152 किलो गांजा बरामद किया गया।
खाली कैरेटों की आड़ में छिपाई गई थी खेप
तस्कर ने पुलिस से बचने के लिए गांजे को खाली कैरेटों के बीच बड़ी चालाकी से छिपाया था, लेकिन सतर्कता और बारीकी से की गई तलाशी में पूरी खेप पकड़ ली गई।
छत्तीसगढ़ से यूपी जा रही थी खेप
गिरफ्तार चालक ने अपना नाम रोहित सिंह निवम, निवासी ग्वालियर (म.प्र.) बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह यह गांजा राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) से झांसी (उत्तर प्रदेश) लेकर जा रहा था। यह खेप वाहन मालिक बंटी सोनी के कहने पर लाई जा रही थी।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(ख), 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इनकी रही अहम भूमिका
इस बड़ी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव चांटे, उप निरीक्षक भीम बक्सर सहित आरक्षक सौरभ पटेल, अभय तिवारी, नीलेश दुबे, उमेश्वर पाठक, कुलदीप साहू, राहुल दुबे, अनुराग दुबे एवं श्रेय अवस्थी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिले में नशा कारोबार पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार
नरसिंहपुर पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। इसे जिले में नशे के कारोबार पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार माना जा रहा है।







