सोनू निगम को मिला राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया अलंकृत
भारत रत्न लता मंगेशकर ने अपने स्वरों से भारतीय संगीत को दी नई ऊँचाइयाँ : मुख्यमंत्री

भोपाल/इंदौर, 28 सितम्बर 2025।
इंदौर की सांस्कृतिक धरती रविवार को संगीत और सुरों के संगम से सराबोर हो गई। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक सोनू निगम को वर्ष 2025 का राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान प्रदान कर अलंकृत किया। यह भव्य आयोजन संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
मुख्यमंत्री ने किया लता मंगेशकर को नमन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने अपने स्वरों से भारतीय संगीत को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई। उनके नाम पर दिया जाने वाला यह सम्मान अद्वितीय और प्रेरणादायी है।
उन्होंने सोनू निगम को सम्मानित करते हुए कहा –
“आज हम विश्व प्रसिद्ध गायक सोनू निगम को सम्मानित कर गर्वित हैं। उनके आने से ऐसा लग रहा है जैसे अमावस की रात में पूनम का चांद आ गया हो। इंदौर की संगीत परंपरा देशभर में अद्वितीय है और यह सम्मान उसी परंपरा को और गौरव देता है।”
सोनू निगम हुए भावुक
सम्मान ग्रहण करते हुए सोनू निगम ने भावुक स्वर में कहा –
“लता जी हमारे लिए केवल प्रेरणा ही नहीं बल्कि भारतीय संगीत की जीती-जागती परंपरा रही हैं। इस सम्मान को पाकर मैं धन्य महसूस कर रहा हूँ। यह मेरे जीवन के सबसे खास पलों में से एक है। 30 वर्ष पूर्व मैंने इसी अलंकरण समारोह में प्रस्तुति दी थी और आज उसी मंच से सम्मानित होना मेरे लिए अविस्मरणीय अनुभव है।”
‘लता मंगेशकर सम्मान’ का महत्व
कार्यक्रम में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने कहा कि यह दिन हमारे लिए गर्व का है क्योंकि यह आयोजन स्वर कोकिला लता मंगेशकर के जन्मदिवस पर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि –
“राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान संगीत जगत में अत्यंत महत्वपूर्ण है। लता जी ने भारतीय संस्कृति और संगीत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया है।”
सुरमयी संध्या में अंकित तिवारी की प्रस्तुति
सम्मान समारोह के बाद संगीत संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें लोकप्रिय पार्श्व गायक अंकित तिवारी एवं उनके दल ने एक से बढ़कर एक मधुर प्रस्तुतियां दीं। श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से कलाकारों का स्वागत किया।
लता जी को श्रद्धांजलि
समारोह की शुरुआत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लता मंगेशकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके जीवन पर केन्द्रित चित्र ‘लतिका’ का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में बड़ी हस्तियों की मौजूदगी
इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, कलेक्टर शिवम वर्मा, विधायक महेंद्र हार्डिया, पूर्व मंत्री उषा ठाकुर, पूर्व महापौर मालिनी गौड़, सामाजिक कार्यकर्ता मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, पूर्व विधायक जीतू जिराती, सुमित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी मौजूद रहे।