
नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार शाम को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत से मिले। यह मुलाकात करीब दो साल बाद हुई और इसे आगामी भाजपा अध्यक्ष चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
45 मिनट चली अहम बैठक
सूत्रों के मुताबिक, शिवराज सिंह चौहान और मोहन भागवत के बीच करीब 45 मिनट तक बातचीत हुई। यह बैठक दिल्ली के झंडेवालान स्थित संघ मुख्यालय केशवकुंज में हुई। बैठक के तुरंत बाद शिवराज सिंह चौहान दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के लिए रवाना हो गए।
मुलाकात से पहले कार्यक्रम में शामिल हुए
संघ प्रमुख से मिलने से पहले शिवराज सिंह चौहान गायत्री परिवार के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। दिल्ली के प्रोग्रेस ग्राउंड भारत पैगाम में आयोजित इस कार्यक्रम में उनके साथ केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और गायत्री परिवार के डॉ. चिन्मय पंड्या भी मौजूद थे। इसके बाद वे सीधे संघ कार्यालय पहुंचे।
अध्यक्ष चुनाव से जोड़कर देखी जा रही मुलाकात
भाजपा में पिछले एक साल से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद खाली है। पार्टी संगठन में बड़े बदलाव की संभावनाओं के बीच चौहान और भागवत की मुलाकात ने सियासी गलियारों में चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
सूत्रों का कहना है कि 9 सितंबर को उपराष्ट्रपति चुनाव के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कराया जा सकता है। पार्टी और संघ, 28 सितंबर से पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की कोशिश कर रहे हैं।
क्यों बढ़ा शिवराज का नाम?
भाजपा में अध्यक्ष पद को लेकर कई दावेदारों के नाम चर्चा में हैं, लेकिन शिवराज सिंह चौहान की यह मुलाकात उनके नाम को और मजबूत करती दिख रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संगठन और सत्ता दोनों में अनुभव रखने वाले शिवराज चौहान, भाजपा और संघ के बीच बेहतर तालमेल बना सकते हैं।