भोपाल में 22 साल के लड़के ने अपने दोस्त की मां को अगवा कर किया दुष्कर्म
गुनगा थाना क्षेत्र का मामला, आरोपी शुभम रजक गिरफ्तार

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के देहात के गुनगा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक 22 वर्षीय युवक ने अपने दोस्त की 45 वर्षीय मां को अगवा कर बंधक बनाया और कई दिनों तक दुष्कर्म किया। घटना का खुलासा तब हुआ, जब पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर पुलिस थाने पहुंची।
महिला को फोन कर मांगे पैसे
गुनगा थाना प्रभारी कृष्णा ठाकुर के अनुसार, पीड़िता तीन बच्चों के साथ रहती है, जबकि उसका पति खेती करता है। महिला के बेटे की दोस्ती आरोपी शुभम रजक से थी, जो पान की गुमटी लगाता है और घर पर अक्सर आता-जाता था।
आरोपी ने सात जुलाई को महिला को फोन किया और कहा कि उसका एक्सीडेंट हो गया है तथा उसे तुरंत पैसों की जरूरत है।
मंडीदीप में कमरे में बंधक बनाकर दुष्कर्म
महिला जब मदद के लिए घर से निकली तो आरोपी उसे बहाने से मंडीदीप ले गया। वहां उसने महिला को एक कमरे में बंधक बना लिया और कई दिनों तक दुष्कर्म किया। महिला जब घर जाने की जिद करती, तो आरोपी उसके साथ मारपीट करता।
किसी तरह छूटकर पहुंची थाने
22 सितंबर को पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से भाग निकली और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद वह गुनगा थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी शुभम रजक के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।