बरगी बांध में लीकेज का वीडियो वायरल, भोपाल-Delhi से पहुंची इंजीनियरों की टीम
अधिकारियों का दावा – “बांध पूरी तरह सुरक्षित, घबराने की जरूरत नहीं”

जबलपुर। नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध को लेकर सोमवार को सोशल मीडिया पर अचानक हड़कंप मच गया। दरअसल, बांध की गैलरी से पानी रिसने का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि “गेट नंबर-3 के नीचे अत्यधिक पानी लीक हो रहा है और इससे बांध की संरचना को खतरा हो सकता है।” वीडियो सामने आते ही आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया।
बरगी बांध भोपाल और दिल्ली से पहुंची तकनीकी टीम
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भोपाल और दिल्ली से जल संसाधन विभाग एवं केंद्रीय जल आयोग (CWC) के अधिकारी और इंजीनियर जबलपुर पहुंचे। टीम ने बरगी बांध का सेफ्टी ऑडिट किया और बांध की मौजूदा स्थिति का गहन परीक्षण किया।
प्रशासन का बयान – “बरगी बांध सुरक्षित है”
बरगी बांध के प्रभारी इंजीनियर राजेश सिंह गौड़ ने स्पष्ट किया कि –
“बरगी बांध पूरी तरह सुरक्षित है। गैलरी से पानी का रिसाव (सीपेज) होना सामान्य तकनीकी प्रक्रिया है। यह बांध को नुकसान नहीं पहुंचाता बल्कि मजबूती बनाए रखता है।”
उन्होंने बताया कि गैलरी में इकट्ठा होने वाले पानी को निकालने के लिए 80 हॉर्सपावर के पंप लगाए गए हैं, जो नियमित रूप से सीपेज का पानी बाहर निकालते रहते हैं।
गैलरी क्या होती है?
इंजीनियर गौड़ के अनुसार –
- गैलरी बांध के सबसे निचले हिस्से में बना सीमेंटेड स्ट्रक्चर होती है।
- इसमें रिसने वाला पानी इकट्ठा किया जाता है।
- दीवारों पर हल्की सीलन सामान्य है और इससे बांध की मजबूती पर कोई असर नहीं पड़ता।
- “यदि सीपेज न हो तो बांध कमजोर पड़ सकता है।”
Also Read-ब्रेकिंग न्यूज़: जबलपुर से दिल्ली जा रही श्रीधाम एक्सप्रेस में लगी आग, बड़ा हादसा टला
सेफ्टी ऑडिट टीम ने दी रिपोर्ट
तकनीकी टीम ने बांध की डिजाइन, जलस्तर नियंत्रण प्रणाली और सीपेज की स्थिति की बारीकी से जांच की। रिपोर्ट में बताया गया कि बरगी बांध पूरी तरह सुरक्षित है और किसी तरह का खतरा नहीं है।
नागरिकों से अपील
प्रशासन और इंजीनियरों ने अपील की कि लोग सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रमाणिक जानकारी पर भरोसा करें।







