बड़ी खबर: फरार बीजेपी नेता पर ₹10,000 का इनाम घोषित, पुलिस को अब भी नहीं लगा सुराग
उज्जैन में वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी नेता शौकत मोहम्मद खान पर फर्जी दस्तावेज़ मामले में ₹10,000 का इनाम घोषित। पुलिस की तलाश जारी।

उज्जैन न्यूज़ | जनता एक्सप्रेस लाइव। मध्य प्रदेश के उज्जैन से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से फरार चल रहे बीजेपी नेता और एमपी वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष शौकत मोहम्मद खान पर पुलिस ने ₹10,000 का इनाम घोषित किया है।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि —
“आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। जानकारी देने वालों को नगद इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा।”
क्या है मामला
दरअसल, शौकत मोहम्मद खान पर समानांतर वक्फ बोर्ड चलाने और न्यायालय में फर्जी दस्तावेज़ दाखिल करने का आरोप है। इस मामले में धारा 420 सहित कई गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शौकत खान काफी समय से फरार हैं। कई बार दबिश देने और छापे मारने के बावजूद वह गिरफ्तारी से बचते रहे।
पुलिस की कार्रवाई तेज
अब उज्जैन पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है।
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।







