पिपरिया में दर्दनाक घटना: विवाहित महिला और युवक ने ट्रेन से कटकर दी जान
चावल मिल में करते थे मजदूरी, पांच दिन से थे घर से लापता

संवाददाता राकेश पटेल इक्का
पिपरिया। शहर में गुरुवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। पिपरिया रेलवे स्टेशन के पास झूला पुल के नजदीक एक विवाहित महिला और युवक ने ट्रेन से कटकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। रात करीब 2 बजे दोनों के शव रेल ट्रैक पर पाए गए। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
घर से थे लापता
मृतक 26 वर्षीय सिद्धार्थ पुरबिया शोभापुर निवासी था, जबकि 30 वर्षीय महिला दुर्गा केवट हथवास (पिपरिया) की रहने वाली थी। दोनों पिछले पांच दिनों से अपने-अपने घरों से लापता थे। सिद्धार्थ के मामा अजय पुरबिया ने बताया कि वह लगातार एक महिला के साथ देखा गया था। उधर, दुर्गा केवट के पति रामनारायण ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी भी कई दिनों से घर नहीं लौटी थी।
दुर्गा के दो बच्चे हैं। उनके एक बेटे की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, जबकि उनकी बेटी सातवीं कक्षा में पढ़ाई कर रही है।
मजदूरी कर गुजर-बसर
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पिपरिया के पास स्थित एक चावल मिल में मजदूरी का काम करते थे। वहीं, स्टेशन रोड थाना प्रभारी आदित्य सैन ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों शवों का शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम कराया गया।
पुलिस जांच जारी
विवेचना अधिकारी एएसआई भगवान दिन कुशवाहा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की सच्चाई जानने का प्रयास कर रही है।







