नितिन गडकरी का काफिला कांग्रेसियों को चकमा देकर कुंडी टोल प्लाजा से निकला, कांग्रेसियों ने की नारेबाजी

संवाददाता शैलेंद्र गुप्ता शाहपुर
शाहपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का काफिला शनिवार को कुंडी टोल प्लाजा से होते हुए धापड़ा की ओर गया। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष और कांग्रेस कार्यकर्ता कुंडी टोल पर उनका इंतजार कर रहे थे ताकि अवैध टोल वसूली और खराब सड़कों को लेकर ज्ञापन सौंपा जा सके।
लेकिन गडकरी का काफिला टोल प्लाजा पर रुके बिना गलत दिशा से निकल गया, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। इस पर कांग्रेसजनों ने नितिन गडकरी और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुंडी टोल प्लाजा प्रारंभ करने में भाजपा नेताओं द्वारा 50 लाख रुपये की अवैध वसूली की गई है। उनका कहना है कि “बैतूल से नागपुर तक की सड़क कांग्रेस शासन में बनी थी और आज भी अच्छी हालत में है, जबकि वर्तमान भाजपा शासन में सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि बरेठा से शाहपुर और धार्मिक नेशनल हाईवे तक जगह-जगह गड्ढे हैं, बावजूद इसके टोल वसूली जारी है, जो जनता के साथ अन्याय है।








