नर्मदापुरम में खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, तहसीलदार ने की दुकानों की जांच

संवाददाता राकेश पटेल इक्का
नर्मदापुरम। जिले में खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पिपरिया के निर्देश पर तहसीलदार वैभव बैरागी ने पिपरिया विकासखंड की निजी उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया। इस कार्रवाई में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पिपरिया सुश्री रेणुका कीर और कृषि विभाग की टीम भी मौजूद रही।
खाद दुकानों का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान साड़िया रोड स्थित एग्रो सर्विस सेंटर और अतुल ट्रेडर की जांच की गई। तहसीलदार ने कहा कि खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है और यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

किसानों और नागरिकों से अपील
तहसीलदार वैभव बैरागी ने कृषक बंधुओं और नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें खाद की कालाबाजारी या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की जानकारी मिलती है तो तुरंत प्रशासन और कृषि विभाग को सूचित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना है।
कृषि विभाग की सलाह
इस मौके पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सुश्री रेणुका कीर ने भी किसानों से आग्रह किया कि वे खाद की खरीदारी करते समय बिल अवश्य लें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता दिखाई देने पर इसकी सूचना तुरंत प्रशासन तक पहुंचाएं।







