नरसिंहपुर पुलिस ने लौटाई खुशियाँ: 15 लाख कीमत के 65 गुम मोबाइल बरामद, दीपावली से पहले सौंपे नागरिकों को
नरसिंहपुर पुलिस ने 65 गुम मोबाइल बरामद कर दीपावली से पहले उनके मालिकों को सौंपे, कुल कीमत ₹15 लाख, साइबर सेल की बड़ी सफलता।

Narsinghpur News: जनसेवा को समर्पित नरसिंहपुर पुलिस ने एक बार फिर यह साबित किया है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं, बल्कि आमजन की खुशियाँ लौटाना भी उसका कर्तव्य है। दीपावली के ठीक पहले पुलिस ने 65 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹15 लाख बताई गई है।
तकनीकी टीम की बड़ी उपलब्धि
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में गठित साइबर सेल टीम ने तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से इन मोबाइलों को ट्रेस किया। बरामद मोबाइल जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य जिलों से भी प्राप्त किए गए।

इनकी रही सराहनीय भूमिका
मोबाइल खोज अभियान में साइबर सेल के
प्रधान आरक्षक देवेन्द्र सिंह, महिला आरक्षक कुमुद पाठक, आरक्षक नितिन कुशवाहा, नीरज डेहरिया, हेमंत बाडिवा और भूपेन्द्र की अहम भूमिका रही।
एसपी डॉ. मीना ने किया वितरण
बरामद मोबाइल फोन को पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना द्वारा उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
“नरसिंहपुर पुलिस सदैव आपकी सेवा में तत्पर है।” — पुलिस अधीक्षक, नरसिंहपुर








