तिरंगे झंडे के सम्मान मे महिलाओ ने की फूलो की बारिशः ग्राम उसराय की तिरंगा रैली मे दिखा देशभक्ति का नजारा

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका नरसिंहपुर- गत दिवस साईंखेड़ा ब्लाक के अंतर्गत ग्राम उसराय में अनोखी देश भक्ति देखने मिली। इस गांव में पदस्थ प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक हल्के वीर पटेल एवं प्रधानपाठक राममनोहर चडार के आव्हान पर शासन के निर्देशानुसार तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में स्कूल के स्काउट गाइड के बच्चों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज था। संपूर्ण गांव के घर-घर से महिलाओं ने तिरंगा यात्रा में अपने – अपने घर के द्वारों एवं छतों से पुष्पों की वर्षा करते हुए तिरंगा झंडा के सम्मान में जय घोष किनारे लगाए। देश भक्ति का माहौल ऐसा बना कि क्या बच्चे ,क्या जवान और क्या बूढ़े सभी ने अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा झंडा लेकर गांव की गलियों – गलियों से ढोल नगाड़े और मजीरों के साथ पूरे जोश और उत्साह पूर्वक निकलते हुए तिरंगा रैली निकाली ।

इस मौके पर शिक्षक हल्के वीर पटेल के द्वारा स्वच्छता एवं नशा मुक्ति सहित राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में विभिन्न राष्ट्र भक्ति के नारों का उद्घोष किया गया। इस दौरान संपूर्ण गांव का बच्चा-बच्चा देश भक्ति में सरोवर हो गया। स्काउट गाइड एवं शाला के बच्चों ने जहां एक और तिरंगा यात्रा को सलामी दी वहीं दूसरी ओर गांव की महिलाओं और पुरुषों ने तिरंगा यात्रा पर पुष्पों की वर्षा की। राजकीय सम्मान प्राप्त शिक्षक श्री पटैल ने बताया कि अभी तक उन्होंने इस प्रकार की हृदय से राष्ट्र प्रेम को दर्शाती हुई तिरंगा रैली पहली बार देखी है जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामवासी पूरे जोश के साथ शामिल रहे। समुदाय मे इस प्रकार की भागीदारी राष्ट्रीय भावना से ओत प्रोत है। रैली के अंत में राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ इस भव्य तिरंगा रैली का समापन किया गया। विद्यालय के प्रधान पाठक ने सभी का आभार व्यक्त किया।







