टेकापार तालाब से बुजुर्ग महिला की लाश मिलने से गांव में खलबली, पुलिस पर उठे सवाल
रात से लापता थी बिल्लो बाई, सुबह मिली लाश – गांव वालों का आरोप, पुलिस सोती रही

संवाददाता राकेश पटेल इक्का
पिपरिया। स्टेशन रोड थाना इलाके के टेकापार गांव में शुक्रवार सुबह गांव का माहौल उस समय भारी हो गया जब तालाब से 60 साल की बुजुर्ग महिला बिल्लो बाई पति मांगीलाल की लाश मिली। गांव में खबर लगते ही लोग तालाब की ओर दौड़ पड़े और देखते ही देखते पूरा गांव जमा हो गया।
गुरुवार रात से थी गायब, पुलिस को दी थी खबर
परिवारवालों ने बताया कि गुरुवार रात से ही बिल्लो बाई घर से लापता थीं। रात करीब 10 बजे घरवालों ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी, लेकिन पुलिस हमेशा की तरह ढीली निकली। सूचना मिलने के बाद भी पुलिस तुरंत कोई ठोस कदम नहीं उठाई, और सुबह तक इंतजार करती रही।
गांव की बोली – “पुलिस ने ध्यान दिया होता तो जान बच सकती थी”
गांव के लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर हरकत में आ जाती तो शायद बिल्लो बाई की जान बच सकती थी। गांव के बुजुर्ग बोले – “रात को तालाब की ओर तलाश की जाती तो कुछ सुराग मिलते, पर पुलिस तो बस कागज में लिखने भर आई थी।”
दुर्घटना या दुराज? गांव में उठ रही चर्चा
गांव में अलग-अलग बातें हो रही हैं। कुछ लोग कह रहे हैं कि यह सीधी-सीधी दुर्घटना है, जबकि कई लोगों का कहना है कि इसमें कुछ गड़बड़ जरूर है। दिन में गांव में दिखाई देने वाली महिला का शव अचानक तालाब में मिलना ग्रामीणों को हजम नहीं हो रहा।
पुलिस की खानापूर्ति पर नाराज़गी
गांव के लोग पुलिस की ढीली कार्रवाई पर भड़क उठे। उनका कहना है कि पुलिस सिर्फ दिखावा करती है, हकीकत में जांच-पड़ताल करने में कोई दिलचस्पी नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस “दुर्घटना या आत्महत्या” कहकर मामला रफा-दफा करने में लगी है।
पोस्टमार्टम और विसरा जांच पर टिकी उम्मीद
फिलहाल पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के बाद विसरा जांच के लिए लैब भेजा है। गांव वाले कह रहे हैं कि रिपोर्ट आने पर ही दूध का दूध और पानी का पानी होगा। लेकिन तब तक गांव में तरह-तरह की अफवाहें और चर्चाएं तेज बनी रहेंगी।








