जिन्हें ‘आंटी’ कहता था बच्चा, उन्हीं से रचाई शादी! 21 साल बड़े उम्र अंतर वाली लव स्टोरी
जापान में 33 साल के युवक ने अपनी क्लासमेट की मां यानी बचपन में जिसे ‘आंटी’ कहता था, उन्हीं से शादी रचा ली। दोनों के बीच उम्र का अंतर 21 साल है।

जापान। कहते हैं प्यार की कोई उम्र, जाति या बंधन नहीं होता। कुछ ऐसा ही वाकया जापान से सामने आया है, जहां एक शख्स ने उसी महिला से शादी कर ली, जिन्हें वह बचपन में अपनी क्लासमेट की “आंटी” कहकर बुलाता था। दोनों के बीच उम्र का अंतर 21 साल है।
बचपन की ‘आंटी’ बनीं जीवनसंगिनी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 33 वर्षीय इसामु तोमियोका ने 54 साल की मिदोरी से विवाह किया। इसामु ने पहली बार मिदोरी को अपने स्कूल के पैरेंट्स-टीचर मीटिंग में देखा था। उस समय मिदोरी उसकी क्लासमेट की मां थीं। इस मुलाकात ने उसके दिल में पहली बार हलचल पैदा की थी।
30 साल बाद फिर हुई मुलाकात
कई सालों बाद इसामु अपनी क्लासमेट के सैलून में गया, जहां मिदोरी मौजूद थीं। जैसे ही इसामु ने उन्हें देखा, उसका पुराना आकर्षण फिर से जाग उठा। उसे पता चला कि मिदोरी का तलाक हो चुका है। तभी इसामु ने तय कर लिया कि वह उन्हें अपनी जीवनसंगिनी बनाएगा।
इम्प्रेस करने के लिए छूटे पसीने
मिदोरी का कहना था कि जब उन्हें पता चला कि उनसे 21 साल छोटा लड़का रिश्ता रखना चाहता है, तो वे हैरान रह गईं। शुरुआत में उन्होंने इसे मजाक और एक क्रश समझकर टाल दिया। लेकिन इसामु ने हार नहीं मानी।
पहले दोनों ने 30 दिन डेटिंग की। इसके बाद इसामु ने मिदोरी के माता-पिता को खुश करने के लिए घर खरीदा, ताकि उन्हें भरोसा हो सके। उनकी लगातार कोशिशें आखिरकार रंग लाई और मिदोरी ने शादी के लिए हाँ कर दी।