ग्वालियर नंदिनी मर्डर केस: पति अरविंद ने पत्नी को सरेआम मारी 4 गोलियां, फेसबुक लाइव पर सुनाया बीवी का किस्सा
नंदिनी का पांचवां रिश्ता और अरविंद की तीसरी शादी, जेल और प्रेम संबंधों का लंबा विवाद बना हत्या की वजह

ग्वालियर। शहर में शुक्रवार को हुए नंदिनी ठाकुर मर्डर केस ने पूरे प्रदेश को हिला दिया है। आरोपी पति अरविंद ठाकुर ने सरेराह पत्नी पर चार गोलियां दाग दीं और उसके बाद फेसबुक पर लाइव आकर पूरी कहानी सुनाई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह अरविंद की तीसरी शादी थी, जबकि नंदिनी का यह पांचवां रिश्ता था। दोनों की मुलाकात 2022 में हुई और 2023 में आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी।
शादी के बाद से लगातार विवाद
शादी के कुछ महीने बाद ही दोनों में खटपट शुरू हो गई। नंदिनी ने अरविंद पर कार से कुचलकर मारने की कोशिश का केस दर्ज करवाया था। इस आरोप में अरविंद तीन महीने जेल भी गया। हालांकि बाद में नंदिनी ने केस वापस ले लिया और दोनों साथ रहने लगे।
नंदिनी का आपराधिक अतीत
नंदिनी केवट मूल रूप से झांसी की रहने वाली थी। 2017 में उसने अपने बॉयफ्रेंड निमलेश सेन की हत्या करवाई थी, जिसके चलते साढ़े चार साल जेल में रही। जेल से बाहर आने के बाद अरविंद के संपर्क में आई।
हत्या के वक्त भी मौजूद थे बॉयफ्रेंड
हत्या के समय नंदिनी के साथ दो युवक—अंकुश पाठक और कल्लू पंचाल भी थे, लेकिन अरविंद की गोली चलते ही दोनों भाग गए। अरविंद का आरोप है कि नंदिनी उन्हीं के बहकावे में आकर उसे झूठे केस में फंसा रही थी और उसकी संपत्ति हड़पना चाहती थी।
पुलिस की जांच जारी
ग्वालियर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।