गाडरवारा: खप्पर वाले हनुमान जी के पास सड़क-नाली निर्माण कार्य पूर्ण, वार्डवासियों को मिली राहत

गाडरवारा। नगर के वार्ड में लंबे समय से चली आ रही समस्या अब समाप्त हो गई है। खप्पर वाले हनुमान जी मंदिर के पास सड़क और नाली का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। यह कार्य क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा के सहयोग से संभव हो पाया है।
वार्डवासियों की बड़ी समस्या दूर
वार्ड पार्षद नगर पालिका उपाध्यक्ष वैशाली रितेश राय ने बताया कि खप्पर वाले हनुमान जी मंदिर के आगे अजय छीपा के घर तक सड़क और नाली का अभाव था, जिसके कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। लगातार मिल रही शिकायतों को ध्यान में रखते हुए इस कार्य को प्राथमिकता दी गई और अब इसका सफलतापूर्वक निर्माण हो चुका है।
भाजपा पदाधिकारियों का सहयोग
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष सोनू पटेल ने भी वार्ड विकास की चर्चा में सड़क-नाली निर्माण को अत्यधिक महत्वपूर्ण कार्य बताया। उन्होंने कहा कि निर्माण पूर्ण होने के बाद जब रहवासियों के चेहरों पर मुस्कान दिखी, तभी समझ आया कि अब उन्हें वास्तविक राहत मिली है।
परिषद का आभार
पार्षद नगर पालिका उपाध्यक्ष वैशाली रितेश राय ने इस कार्य को सफल बनाने के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी और नगर पालिका परिषद की पूरी टीम का भी हृदय से आभार व्यक्त किया।







