कटनी में BJP नेता का मर्डर! बिहार प्रचार छोड़ प्राइवेट जेट से लौटे विधायक संजय पाठक बोले — “मध्यप्रदेश को इस्लामिक स्टेट नहीं बनने देंगे”
कटनी में BJP नेता नीलेश ‘नीलू’ रजक की हत्या से मचा बवाल। विधायक संजय पाठक प्राइवेट जेट से लौटे, बोले — “मध्यप्रदेश को इस्लामिक स्टेट नहीं बनने देंगे।” पुलिस एनकाउंटर में दोनों आरोपी घायल।

कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले के कैमोर में BJP और बजरंग दल से जुड़े नेता नीलेश ‘नीलू’ रजक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश फैल गया है। घटना के पीछे हिंदू लड़की से छेड़छाड़ का विरोध बताया जा रहा है।
विधायक संजय पाठक ने इसे ‘लव जिहाद’ जैसी घटना बताते हुए कहा — “हम अपने प्रदेश को इस्लामिक स्टेट नहीं बनने देंगे।”
विधायक संजय पाठक प्राइवेट जेट से लौटे
घटना की जानकारी मिलते ही विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक, जो उस समय बिहार चुनाव प्रचार में थे, तुरंत प्राइवेट जेट से कटनी लौटे और विजयराघवगढ़ हॉस्पिटल पहुंचे।
उन्होंने कलेक्टर और एसपी से मांग की कि जब तक अपराधियों की गिरफ्तारी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
हत्या के पीछे छेड़छाड़ का विरोध
जानकारी के अनुसार, आरोपी अकरम खान और प्रिंस जोसेफ क्षेत्र में स्कूल-कॉलेज जाने वाली लड़कियों से छेड़छाड़ करते थे।
नीलू रजक ने इसका विरोध किया था, जिसके बाद एक महीने पहले DAV स्कूल के पास विवाद हुआ था।
परिवार का आरोप है कि उस समय कैमोर पुलिस ने उल्टा नीलेश पर मामला दर्ज कर दिया था और अकरम खान ने टीआई के सामने ही गोली मारने की धमकी दी थी।
पुलिस पर कार्रवाई और एनकाउंटर
हत्या के बाद क्षेत्र में भारी विरोध और चक्का जाम की स्थिति रही।
आक्रोश देखते हुए एसपी अभिनव विश्वकर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कैमोर टीआई अरविंद चौबे और प्रधान आरक्षक प्रेमशंकर पटेल को लाइन हाजिर कर दिया।
बाद में एडिशनल एसपी संतोष डहरिया ने बताया कि दोनों आरोपी अकरम खान और प्रिंस जोसेफ को कजरवारा के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया।
पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में दोनों गोली लगने से घायल हो गए।
दोनों को इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।







