इटारसी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की ईमानदारी की मिसाल: महिला यात्री का ₹3.17 लाख का पर्स लौटाया
इटारसी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने ईमानदारी की मिसाल पेश की। चलती ट्रेन में छूटा महिला यात्री का ₹3.17 लाख का पर्स खोजकर सुरक्षित लौटाया गया।

संवाददाता राकेश पटेल इक्का
इटारसी (27 अक्टूबर 2025)। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) इटारसी ने एक बार फिर ईमानदारी और तत्परता की मिसाल पेश की। मंदसौर से भोपाल जा रही महिला यात्री का ₹3,17,530 कीमती सामान से भरा पर्स चलती ट्रेन में छूट गया था, जिसे आरपीएफ ने खोजकर सुरक्षित लौटा दिया।
रेल मदद पर प्राप्त शिकायत के अनुसार, गाड़ी संख्या 07019 के कोच बी-6 बर्थ नंबर 23 पर यात्रा कर रही महिला यात्री सलोचना बाबानी का लेडीज पर्स, जिसमें सोने के आभूषण और नकदी ₹17,530 थी, यात्रा के दौरान छूट गया।
सूचना मिलते ही निरीक्षक प्रभारी आरपीएफ इटारसी के निर्देशन में उप निरीक्षक ओ.पी. गुर्जर और आरक्षक गोपाल सिंह ने तुरंत ट्रेन को इटारसी स्टेशन पर अटेंड किया। जांच में बताई गई बर्थ पर पर्स मिला, जिसे थाने लाकर सुरक्षित रखा गया।
थोड़ी देर बाद महिला यात्री के चचेरे भाई जीवन कुमार जमना प्रसाद कलतारी (निवासी: सुरजगंज) आरपीएफ थाने पहुंचे। पहचान और तस्दीक के बाद पर्स को गवाहों की मौजूदगी में यात्री के सुपुर्द किया गया।
पर्स में मिले सामान की सूची इस प्रकार है —
- 4 नग गोल्ड अंगूठी
- 3 नग ग्राम वाली अंगूठी
- 1 आर्टिफिशियल मंगलसूत्र
- 2 गोल्ड चैन
- नकद ₹17,530
कुल कीमत लगभग ₹3,17,530 आँकी गई।
आरपीएफ इटारसी की टीम की ईमानदारी और तत्परता की सराहना करते हुए यात्रियों ने कहा कि ऐसी सेवाओं से रेलवे में आम जनता का विश्वास और भी मजबूत होता है।







