राज्य शिक्षक संघ का प्रतिनिधि मंडल आयुक्त से मिला, शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं के निराकरण की मांग

संवाददाता सनी लालवानी
इटारसी /भोपाल। राज्य शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश यादव के नेतृत्व में संघ का उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल आयुक्त लोक शिक्षण श्रीमती शिल्पा गुप्ता से मिला और शिक्षक संवर्ग से जुड़ी प्रमुख समस्याओं एवं मांगों से उन्हें अवगत कराया।
निर्वाचन कार्य से शिक्षकों की नाराज़गी
प्रदेश अध्यक्ष यादव ने कहा कि शिक्षकों को बड़े पैमाने पर निर्वाचन नामावली कार्य (बीएलओ) में लगा दिया गया है। कई जिलों में एक माह तक शिक्षकों को शैक्षणिक कार्य से दूर रखने के निर्देश जारी हुए हैं, जिससे विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। गणित, अंग्रेजी और भौतिक-रसायन जैसे विषयों के शिक्षक भी निर्वाचन कार्य में लगाए गए हैं, जबकि नवंबर में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएँ होना है। इसका सीधा असर विद्यार्थियों के परिणामों पर पड़ेगा।
जनजातीय कार्य विभाग से आए शिक्षकों का मामला
यादव ने 2018 में जनजातीय कार्य विभाग से स्कूल शिक्षा विभाग में आए शिक्षकों की समस्या भी उठाई। उन्होंने कहा कि संविलियन आदेश में विसंगति के कारण कई शिक्षकों के आदेश जनजातीय कार्य विभाग ने जारी कर दिए, जबकि यह आदेश स्कूल शिक्षा विभाग से जारी होना चाहिए। इस पर आदेश निरस्त कर नए आदेश जारी करने की मांग की गई।
अन्य प्रमुख मांगें
- प्रदेश की सभी कन्या हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी शालाओं में पात्र महिला शिक्षकों को प्रभारी प्राचार्य का प्रभार देना।
- ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता समाप्त करना।
- ऐसे शिक्षक जो अभी भी 2.0 पोर्टल पर दर्ज हैं उन्हें 3.0 पोर्टल पर प्रदर्शित करना।
- अतिथि शिक्षकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण।
आयुक्त का आश्वासन
आयुक्त श्रीमती शिल्पा गुप्ता ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सभी समस्याओं के त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधि मंडल में शामिल
इस अवसर पर प्रदेश सचिव संजय सेन, इंदौर जिलाध्यक्ष बंटी बैरागी, रवि वर्मा, अविनेश शर्मा, भारत सिंह पंवार सहित अन्य संघ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसकी जानकारी राज्य शिक्षक संघ नर्मदापुरम जिलाध्यक्ष उमेश ठाकुर ने दी।







