‘मैं चोर… राम-राम, इसका दूसरा पार्ट-2028 में’ — देवास में वारदात के बाद दीवार पर चौंकाने वाला मैसेज

देवास (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में एक चोरी की वारदात चर्चा का विषय बन गई है। चोर ने हॉस्टल से गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी, मोबाइल और बर्तन चोरी करने के बाद दीवार पर एक अजीब मैसेज लिख दिया —
“मैं चोर… राम-राम, इसका दूसरा पार्ट 2028 में।”
यह मैसेज पढ़कर छात्र, ग्रामीण और पुलिस सभी हैरान हैं। सोशल मीडिया पर यह घटना तेजी से वायरल हो रही है और लोग तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं।
हॉस्टल में घुसे चोर ने मचाई हलचल
घटना उदयनगर स्थित सामुदायिक कल्याण केंद्र छात्रावास की है। बुधवार रात चोर पाइप के सहारे हॉस्टल में घुसा। स्टाफ और छात्र उस समय सो रहे थे। मौका पाकर चोर गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी, मोबाइल फोन और पीतल के बर्तन चुरा ले गया।
ग्रामीणों के अनुसार चोर ने पंचायत भवन और स्कूल का ताला तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन इसमें सफल नहीं हो सका।
40 हजार रुपये का सामान चोरी
छात्रावास अधीक्षक दशरथ मुकाती ने बताया कि चोरी हुए सामान की कीमत लगभग 40 हजार रुपये आंकी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच कर रही है।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
पुलिस के मुताबिक चोर ने हॉस्टल की दीवार पर जो मैसेज लिखा, उससे साफ है कि वह वारदात को लेकर न सिर्फ बेखौफ है बल्कि मजाकिया अंदाज में लोगों को चैलेंज भी कर रहा है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








