प्लेन के पहिए में छिपकर काबुल से दिल्ली पहुंचा 13 साल का लड़का, 94 मिनट हवा में रहा जिंदा

नई दिल्ली। दिल्ली एयरपोर्ट पर रविवार को अविश्वसनीय घटना सामने आई जब अफगानिस्तान का 13 साल का एक लड़का काबुल से आई KAM Air की फ्लाइट के पहिए (व्हील वेल) में छिपकर भारत पहुंच गया। करीब 94 मिनट तक 10,000 फीट से ऊपर हवा में रहने के बावजूद वह चमत्कारिक तरीके से जिंदा बच गया।
एयरबस A340 की फ्लाइट में हुआ कारनामा
यह घटना KAM Air की फ्लाइट संख्या RQ4401 में हुई। एयरबस A340 विमान सुबह 8:46 बजे काबुल से रवाना हुआ और 10:20 बजे दिल्ली पहुंचा। यात्रियों के उतरने के बाद जब विमान टैक्सीवे पर खड़ा था, तभी ग्राउंड स्टाफ ने लड़के को विमान के पास घूमते देखा और तुरंत CISF को सूचना दी। CISF ने उसे पकड़कर एयरपोर्ट पुलिस को सौंप दिया।
ईरान जाना चाहता था, गलती से भारत आ गया
पूछताछ में पता चला कि लड़का ईरान जाना चाहता था, लेकिन गलती से भारत आने वाली फ्लाइट में चढ़ गया। उसने यात्रियों की गाड़ी के पीछे-पीछे एयरपोर्ट में प्रवेश किया और फिर विमान के पिछले पहिए के हिस्से में छिप गया।
इतनी खतरनाक क्यों होती है यह यात्रा?
एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार, विमान के पहिए में छिपकर सफर करना बेहद खतरनाक होता है।
- 10,000 फीट से ऊपर ऑक्सीजन की कमी से मौत का खतरा
- 30,000 फीट पर तापमान -40 से -60 डिग्री सेल्सियस तक
- केवल 5 में से 1 ही यात्री ऐसे सफर में जिंदा बच पाता है
संभवतः यह लड़का उड़ान के दौरान व्हील वेल बंद होने पर सुरक्षित हिस्से में फंसा रहा, जिससे तापमान और दबाव सामान्य रहे और वह जीवित बच गया।
भारत में दूसरी घटना
यह भारत में दूसरी ऐसी घटना मानी जा रही है। इससे पहले 1996 में दिल्ली से लंदन जाने वाली फ्लाइट में दो भाइयों ने छिपकर सफर किया था। उस दौरान 22 वर्षीय प्रदीप की मौत हो गई थी, जबकि उसका भाई विजय बच गया था।